अजमेर। पुष्कर से अजमेर आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सोमवार रात एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है, जो खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।
तीन बाइकों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 9:45 बजे पुष्कर घाटी क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में थी और उसने लगातार तीन बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बाल-बाल बची। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक युवक की मौत, कई घायल
हादसे में धौलाभाटा निवासी रवि कुमार की मौत हो गई। वह अपने बहनोई जितेंद्र उर्फ सोनू के साथ बाइक पर सवार था। दोनों पेंटिंग का काम करते थे। दूसरी बाइक पर शास्त्री नगर निवासी रोहित और उनके चाचा मधुसूदन वैष्णव सवार थे, जो घायल हो गए। एक अन्य बाइक सवार भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बाद में वह बिना एंट्री करवाए वहां से चला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया।
कार से मिली शराब की बोतलें
पुलिस जांच में फॉर्च्यूनर कार से शराब की बोतलों से भरा कार्टन बरामद हुआ। एक शराब की बोतल कार की सीट पर खुली हुई मिली। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे की हालत में हो सकता है। सूत्रों के अनुसार इस फॉर्च्यूनर पर ओवर स्पीडिंग के कई चालान भी लंबित बताए जा रहे हैं।
समिति से जुड़े सदस्य मिले घायल
घटना के बाद कार के पास मंदिर समिति से जुड़े दिग्विजय सिंह चौहान घायल हालत में मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक रवि कुमार के पिता किशोर कुमार ने पुष्कर थाने में मामला दर्ज कराया है। रवि के परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलने के बाद हर्षवर्धन अग्रवाला सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार RJ 23 UB 7031 को जब्त कर लिया है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं।
धार्मिक संस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद धार्मिक संस्था के नाम पर चल रही लग्जरी कार से शराब मिलने को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब कार के उपयोग, चालक और शराब की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

