राजस्थान में गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं, 29 जून से खुलेंगे स्कूल

0
9
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बढ़ी गर्मी की छुट्टियां
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बढ़ी गर्मी की छुट्टियां

जयपुर। राजस्थान के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 28 जून तक बढ़ा दी गई हैं। पहले स्कूल 22 जून से खुलने थे, लेकिन अब सरकारी स्कूल 29 जून 2026 से खुलेंगे। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बीच हुई लंबी वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया।

शिक्षकों के आंदोलन के बाद बनी सहमति

शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बीच हुई बैठक में कई मांगों पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इसके बाद शिक्षकों द्वारा प्रस्तावित आंदोलन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के महामंत्री बसंत शर्मा ने बताया कि बैठक सकारात्मक रही और ग्रीष्मावकाश को 28 जून 2026 तक बढ़ाने पर सहमति बनी है। साथ ही प्रधानाचार्यों को दिए जाने वाले दो दिन के अधिकृत अवकाश को भी यथावत रखने का निर्णय लिया गया है।

तबादले और पदोन्नति के मुद्दों पर भी चर्चा

शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में तबादले, पदोन्नति और गैर-शैक्षणिक कार्यों से राहत शामिल थी। शिक्षा मंत्री ने इन मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि शिक्षक हितों से जुड़े मामलों पर जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी।

29 मई को प्रस्तावित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन को भी स्थगित कर दिया गया है। शिक्षक संघ ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है।

गैर-शैक्षणिक कार्य कम करने पर जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार चाहती है कि वे केवल शिक्षण कार्यों पर ध्यान दें। गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी कम करने को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई है।

छात्रों और अभिभावकों को मिली राहत

भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रीष्मावकाश बढ़ाने के फैसले को छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूल खुलने की नई तारीख को लेकर जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here