दिल्ली अग्निकांड को लेकर सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

0
23
अस्पताल में अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात करतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
अस्पताल में अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात करतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। मालवीय नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका उपचार जारी है। इसी बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं और अग्निकांड में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में करीब आधे घंटे तक घायलों और उनके परिजनों से बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने मुआवजे का किया ऐलान

दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से घोषणा की गई है कि प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

सरकार ने यह भी कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचीं रेखा गुप्ता

मालवीय नगर विधानसभा से विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि रेखा गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर सभी घायलों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि फिलहाल मैक्स अस्पताल में 17 मरीज भर्ती हैं। कुछ मरीजों को स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। अधिकांश मरीज अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और लगातार उनकी निगरानी की जा रही है।

विदेशी नागरिक भी हैं प्रभावित

सतीश उपाध्याय ने बताया कि घायलों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। उनके परिजनों को भी सूचना दी जा रही है। प्रशासन और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

47 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया

अग्निकांड में कुल 47 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल पाए गए। नौ लोगों की स्थिति गंभीर बताई गई।

अस्पतालवार आंकड़ों के अनुसार, एम्स ट्रॉमा सेंटर में छह लोगों को लाया गया था, जिनमें तीन मृत पाए गए, दो घायल थे और एक की स्थिति गंभीर थी। पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में तीन लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें दो घायल थे जबकि एक मरीज को आगे के उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

मैक्स अस्पताल में सबसे अधिक मरीज पहुंचे

मैक्स अस्पताल में 38 लोगों को लाया गया था। इनमें 18 लोगों को मृत घोषित किया गया, 13 घायल पाए गए और सात की हालत गंभीर बताई गई। एक मरीज को सफदरजंग अस्पताल स्थानांतरित किया गया।

वर्तमान में एम्स में एक घायल मरीज भर्ती है, जबकि 10 दिल्ली पुलिसकर्मी भी उपचाराधीन हैं। एम्स में भर्ती दो अन्य बांग्लादेशी घायलों को बाद में मैक्स अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here