बाड़मेर में बमनुमा वस्तु से धमाका, 5 साल का मासूम और मां गंभीर घायल

0
101
बाड़मेर के भीलों का तला गांव में बमनुमा वस्तु के धमाके की घटना
बाड़मेर के भीलों का तला गांव में बमनुमा वस्तु के धमाके की घटना

बाड़मेर: भारत-पाक सीमा से सटे सरहदी जिले बाड़मेर में सोमवार को बड़ा हादसा सामने आया। खेत में मिली एक बमनुमा वस्तु को 5 साल का मासूम अपने घर लेकर पहुंच गया। यहां खेलते समय तेज धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आने से मासूम और उसकी मां दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद घायल मां-बेटे को गंभीर स्थिति के चलते जोधपुर रेफर किया गया।

खेत में मिली थी बमनुमा वस्तु

सीमावर्ती बीजराड़ थाना क्षेत्र के भीलों का तला गांव में सोमवार सुबह 5 वर्षीय मासूम को अपने खेत में एक बमनुमा वस्तु मिली। इसके बाद वह उसे अपने घर लेकर पहुंचा और घर में खेलते समय तेज धमाके के साथ वस्तु फट गई।

धमाके की चपेट में आने से मासूम बड़ा राम और उसकी मां फूली देवी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।

बमनुमा वस्तु तोड़ते समय हुआ धमाका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि बीजराड़ थाना क्षेत्र के भीलों का तला गांव में यह घटना हुई है। बच्चों को खेत में बमनुमा वस्तु मिली थी, जिसे वह घर लेकर आया था। उसे तोड़ते समय वह फट गई, जिससे बच्चा और उसकी मां घायल हुए।

उन्होंने बताया कि दोनों को अस्पताल लाया गया था और प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

बारिश के बाद जमीन से ऊपर आने की आशंका

माना जा रहा है कि यह कोई पुराना बम हो सकता है, जो भारत-पाक युद्ध के दौरान जमीन में धंस गया होगा। बारिश के कारण बमनुमा वस्तु के जमीन से ऊपर आने की आशंका जताई जा रही है।

सोमवार सुबह 5 वर्षीय मासूम भैराराम खेत में गया था। इसी दौरान वह अनजाने में बमनुमा वस्तु को अपने घर लेकर पहुंचा, जिससे यह हादसा हुआ।

पत्थर पर फेंकने के बाद हुआ ब्लास्ट

मासूम के पिता श्रवण राम के मुताबिक, सोमवार सुबह बच्चे ने खेलते समय बमनुमा वस्तु को पत्थर पर फेंका था। इसके बाद तेज धमाका हो गया।

हादसे में मासूम और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बमनुमा वस्तु को लेकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह वस्तु वास्तव में क्या थी। बीजराड़ थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद प्रशासन भी मामले की जानकारी जुटा रहा है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here