भाजपा IT सेल में बड़ा बदलाव, अमित मालवीय की छुट्टी; दीपक महस्के बने नए संयोजक

0
15
भाजपा आईटी सेल के नए संयोजक दीपक महस्के और अमित मालवीय
भाजपा आईटी सेल के नए संयोजक दीपक महस्के और अमित मालवीय

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अमित मालवीय को पार्टी के आईटी सेल के संयोजक पद से हटा दिया है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के को नया संयोजक नियुक्त किया गया है।

यह बदलाव पार्टी की ओर से सोमवार को नई टीम की घोषणा के तहत किया गया है। मालवीय पिछले एक दशक से अधिक समय से इस पद पर कार्यरत थे। भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, दीपक महस्के को सोशल मीडिया का नया संयोजक नियुक्त किया गया है।

चार राज्यों में नए सह-संयोजक नियुक्त

पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अभियानों को और मजबूत करने के लिए चार राज्यों में नए सह-संयोजक भी नियुक्त किए हैं।

प्रीति गांधी को महाराष्ट्र में सह-संयोजक बनाया गया है, जबकि शिवानंद द्विवेदी को दिल्ली का कार्यभार दिया गया है। वहीं, आलोक भट्ट को उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।

हालांकि पार्टी ने अनिल बलूनी को मीडिया प्रभारी बनाए रखने का निर्णय लिया है।

कौन हैं दीपक महस्के?

दीपक महस्के केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं और राजनीतिक अनुभव के साथ आते हैं। वह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी के बोर्ड में शामिल रहे हैं और छत्तीसगढ़ सरकार में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं।

भाजपा की नई टीम में कई बड़े बदलाव

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई टीम की घोषणा की है। बीएल संतोष को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बनाया गया है, वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी तरुण चुघ को बनाया गया है और केंद्रीय कार्यालय सचिव महेंद्र पांडे को नियुक्त किया गया है।

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की घोषणा

भाजपा ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची भी जारी की है। इसमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को शामिल किया गया है।

भाजपा ने इसी बदलाव के तहत विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here