झाड़ियों में मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका पर हंगामा

0
55

पाली में 11 दिन बाद मिला इंद्र सिंह का शव, परिजनों ने उठाए सवाल

पाली : राजस्थान के पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में 11 दिनों से लापता युवक का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक की पहचान फालना थाना क्षेत्र के खुडाला निवासी इंद्र सिंह पुत्र गणपत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने 9 मई को फालना पुलिस थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। मंगलवार देर रात सांडेराव पुलिस को देवतरा गांव की झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली।

शव के दोनों हाथ अलग मिले, इलाके में फैली सनसनी

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव को जंगली जानवरों ने भी नुकसान पहुंचाया था। युवक के दोनों हाथ शरीर से अलग मिले, जबकि एक हाथ और जूते शव से करीब 100 फीट दूर बरामद हुए।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

फालना थाने पर धरना, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद परिवार और समाज के लोगों ने फालना थाने पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति बनी, लेकिन परिजनों ने फिलहाल शव लेने से इनकार कर दिया।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here