उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में दो पेपर रद्द, प्रोफेसर पर पेपर लीक का आरोप

0
19
उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में कथित पेपर लीक के बाद दो परीक्षाएं रद्द
उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में कथित पेपर लीक के बाद दो परीक्षाएं रद्द

देहरादून: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के मुद्दे को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच उत्तराखंड से भी कथित पेपर लीक का मामला सामने आया है। उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के दो विषयों के प्रश्नपत्र कथित रूप से लीक होने के बाद दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। मामले में एक प्रोफेसर पर आरोप लगाए गए हैं और उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने जांच शुरू कर दी है।

प्रोफेसर पर छात्रों को सवाल भेजने का आरोप

जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक आशीष कुमार शिवालिक कॉलेज में प्रोफेसर हैं और प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े हुए थे। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से मिलते-जुलते प्रश्न एक कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप में छात्रों को भेजे थे। मामला सामने आने के बाद संबंधित दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी गईं।

कॉलेज की भूमिका पर भी उठे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम में कॉलेज की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देशभर में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर चल रही बहस के बीच इस मामले को भी गंभीरता से देखा जा रहा है। छात्र लगातार ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वीसी ने दी मामले की जानकारी

वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति (वीसी) तृप्ता ठाकुर ने कहा कि संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने आगामी सात वर्षों तक किसी भी परीक्षा संबंधी गतिविधि में उस शिक्षक की भागीदारी पर रोक लगा दी है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की नैतिक जिम्मेदारी है कि ऐसे शिक्षकों को भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया से दूर रखा जाए। साथ ही संबंधित कॉलेज से भी शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने को कहा गया है।

जांच में सामने आया दूसरा मामला

कुलपति के अनुसार, प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी पता चला कि एक अन्य प्रश्नपत्र भी पहले से प्रभावित हो चुका था। इसके बाद उस परीक्षा को भी रद्द करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

अगस्त में होंगी दोबारा परीक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया है कि रद्द की गई परीक्षाओं का आयोजन अगस्त में कराया जाएगा। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। तृप्ता ठाकुर ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस सब्जेक्ट का पेपर हुआ था लीक

शिवालिक कॉलेज के 8 जुलाई को हुए एक पेपर को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, जिसमें छात्रों ने आरोप लगाया था कि Machine Learning for Internet of Things सब्जेक्ट का पेपर पहले से ही छात्रों के पास आ गया था। इस पेपर के मिलते जुलते 90% सवाल, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पहले छात्रों को व्हाट्सएप पर भेजे थे।

admin
Author: admin

News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here